Monday, August 11, 2014

मौसमों की करवट

बिल्कुल वैसे ही जब
मौसमों की करवट पर
पेड़ों के पत्तों का रंग
बदलता है.
ठीक वैसे ही
हवा बहती है अपनापे से
मुझको छूकर-
याद आता है कुछ
तस्वीर सा आँखों में
उभर आता है.

काम मौसमों का
और क्या है?
कभी तपना
तरसना और बरसना
कभी बेबाकी से-
सारी साज़िश तो
यादों को बचाने की है.

हर याद का चेहरा हो
ज़रूरी तो नहीं
और यह भी नहीं
होठों से कोई नाम
पुकारा जाए.

कभी जब मौसमों की
आहट पर,
पेड़ के पत्तों पे जो
नज़र जाए-
कोई अपना सा-
हवा का झोंका
तुमको छूकर अगर
गुज़र जाए.
किसी बीते हुए मौसम
की याद कर लेना-

और ज़्यादा तो कुछ
नही होता-
दिल के भीतर का
बिखरा सा-
बेतरतीब सा घर
थोड़ा सजता है
संवर जाता है.


-शिशिर सोमवंशी

Sunday, August 10, 2014

तम कितना घना होगा?


तम कितना घना होगा?
ये तुमने सुना होगा.
तम कितना घना है-
ये मैने सहा है.

सब ने जिसे परखा,

और सब ने जिसे जाना.
परतों की परत करके,
अच्छे से जो पहचाना-
मुझ ही से ना मिल पाया,
जो मुझ मे रहा है.
छल कितना बड़ा होगा,
ये तुमने कहा है,
छल कितना बड़ा है,
जो मैने जिया है.

एक स्वर है कुछ दबा सा,
कोई नाम मेरे जैसा,
कहते हैं जिसे अपने,
सकुचा के डरते डरते.
मैं सुन के बुरा मानूं,
या उन पे बिफर जाऊं.
भय कितना पला होगा,
ये तुमने कभी सोचा
भय कितना पला है-
जो मैने किया है.


शिशिर सोमवंशी

मेरे मन मे आज

सौ रूप लेना चाहता हूँ,
सौ रंग भरना चाहता हूँ,
एक बार के इस आचमन से-
तृप्त मैं ना हो सकूँगा.
जीवन अमय की निधि अतुल को,
भर भर के पीना चाहता हूँ.

हर प्रश्न को कर के किनारे,
अपनी निराशा को विजित कर,
अपने ही हाथों के सहारे-
कुछ पाप धोना चाहता हूँ,
कुछ पाप ढोना चाहता हूँ.
इस पाप-पुण्य से परे-
मैं आज होना चाहता हूँ.

शत्रु सा चाहे छले, चाहे चुभे.
या मित्र बन उर से लगे-
हर सत्य जीना चाहता हूँ.
जीवन अमिय की निधि अतुल को,
भर भर के पीना चाहता हूँ.

-शिशिर सोमवंशी

मैनें जी कर देखा है

मोहभंग से मोहभंग तक,
स्वपनों की जो माला है.
इस माला के मोती बनकर,
मैनें खुद को ढाला है.

पीड़ा के अविरल सम्मोहन,
संकोचों और संदेहों मे,
प्रश्नचिह्न और प्रतिवादों,
के मध्य सतत ही,
थोड़ा बहुत निकाला है.

यही समय बस यही घड़ी,
मुझसे हंस कर कहती है,
तुमने तो जी कर देखा है,
जीवन मद का प्याला है.


- शिशिर सोमवंशी

हथेली पर नयी रेखा

कोई नयी रेखा हथेली पर,
उभर आई है-
घबराता हूँ.
अनिश्चित 
अविदित
क्या है समय के
मन मे.

जो भी है
उसे नया मीत

मान लेते हैं.
यात्रा का साथी,
रहेगा साथ जब तक,
वो चाहे.
हमारे चाहने से,
क्या बीता है?

और हाथों पर ये
बीते बरस का निशान,
भी तो हो सकता है.
या फिर आने वाले
साल की दस्तक.
जिसमे निहित है
हम सब के लिए
थोड़ा थोड़ा सुख
बहुत सारा संतोष


शिशिर सोमवंशी

मेरे हिस्से की धूप

बिना संकोच,
निर्भय होकर 
माँगूंगा इसी पल से
बस आज से.



मेरे हिस्से की धूप,
नमी और हवा.
ये दिन भी बीत
जाएगा नही तो,
उमर की तरह
धीरे धीरे ऐसे.

मेरी कहानी,
जल्दी से पढ़ दी
हो किसी और ने
बेमन से जैसे.


- शिशिर सोमवंशी

जब होगी सुबह












जब होगी सुबह,
तुम रख लेना,
अपने हिस्से सारी सारी.

इस डूबती बोझिल,
सांझ को तुम,
मेरे नाम करो.
तुम जी लोगे...
मैं जी लूँगा.
तुम जीवन हो,
मैं जीवन हूँ....

कोने कोने जो,
बिखरा है,
साथ हमारे रहता है,
और काल सरित,
मे बहता है..

इस अमृत की बूँदें सारी,
तुम पी लेना,
मैं पी लूँगा.
तुम जीवन हो,
मैं जीवन हूँ
.

- शिशिर सोमवंशी