Saturday, January 24, 2015

नहीं बोलूँगा

अब मैं
बोलूँगा नहीं,
कहीं भी,
कभी भी,
कुछ भी -
मेरे शब्द,
गंतव्य तक,
पहुँचते नहीं.
भाव एकाकी,
बावरे, उदास
घूम फिर के,
लौट आते हैं,
वापस मेरे पास.
कहने को,
शेष बचा नहीं.
समझने के,
अनुरोध की,
अनाधिकार
चेष्टा भी
की नहीं मैने.
इतने पर भी,
क्यूँ है उसको..
सुनने भर से
इतना प्रतिवाद?

इतना कहा-
बीते सालों में.
इसलिए नहीं,
कि बोलना,
प्रिय है मुझे.
प्रिय वो है-
उससे साथ की
एक एक बात-
उसके होने,
मात्र का,
अप्रतिम आहलाद.

जो अतीत है-
ना व्यतीत.
जीवित है,
समाहित है
मेरी अपनी,
प्रकृति और
मेरे बने-बिगड़े,
गढ़े-अनगढ़े,
स्वरूप में.
यूँ भीग गया,
उसके रसरंग
और
लालित्य में-
कहीं भी रहूं,
कुछ भी कहूँ,
अर्थ-भरा,
लगता है
मेरा साधारण
संवाद...

मौन की पूंजी,
इतनी जुटाई,
है तुमसे.
इन दिनों,
उनुत्तरित प्रश्न,
भी प्रश्न करने,
लगे हैं मुझसे.
यथार्थ, सत्य
मूल्यों-आदर्शों से,
बरबस सामना,
होने लगा है मेरा.
हर संबंध की,
एक निर्धारित दिशा
बताते हुए
सतही संकेत...
क्या जान पाएँगे?
यह अकुशल
अपवाद.

-    शिशिर सोमवंशी

Monday, January 12, 2015

यही उचित है

यही उचित है,
कि हार जाऊँ,
अब मैं.
उद्दांत नदी,
के वेग को,
बाँधने की
अभिलाषा,
परछाईयों को,
थामने की
प्रत्याशा,
भावों का,
पूर्वाग्रही
आकलन और
शब्दों की
स्वार्थी
परिभाषा.
कहाँ तक,
कब तक?

यही उचित है,
कि हार जाऊँ,
अब मैं.
मान लूँ-
मैं वही हूँ.
जो तुमने
सोचा,
समझा,
सहा
और जिया.

यही उचित है,
कि हार जाऊँ,
अब मैं.
इसलिए कि-
अंतर्मन मे  
निहित सत्य,
सत्य होकर भी,
होता सच्चा नहीं.
साध्य ही,
प्रधान है.
और प्राप्ति
ही प्रमुख.
उसके मध्य
का अनुभूत,
आधा कच्चा नहीं.

यही उचित है,
कि हार जाऊँ,
अब मैं.
क्योंकि विकट है,
विश्व यह.
दारुण हैं,
अनुभवों के,
विविध-विचित्र
आयाम इसके.
यहाँ अपनी,
सोच नहीं.
सबकी समझ,
से ही
जीना होता है.
अपनी श्रांत,
टूटी देह
और दिन-रात्रि,
के मंथन से
उपजा अमृत,
तिल तिल
बँट जाता है.
छल, कपट
के सतही
संबंधों मे.
और स्वयं
बारंबार
नीलकंठ
होना होता है.
-शिशिर सोमवंशी

Sunday, January 4, 2015

सुबह के सपने

मैनें सुबह
के स्वप्न मे,
फिर से तुम्हे देखा.
देखकर यही लगा,
कि अब तुम
बस ही जाओ,
मेरी आँखों का
सपना बनकर.

कल राह मे,
उसी परिचित
घुमाव के पास,
तुमको देखा.
देखकर यही लगा,
मैं उम्र भर इसी
रास्ते से गुजरूँ,
और तुम
मिला करो मुझसे,
मील का
पत्थर बनकर.

एक बार ही
तुमने कदम रखे,
मेरे आँगन मे
अंजाने मे.
निखरा सँवरा,
गुनगुनाता सा
लगा उस दिन,
उसका हर कोना.
सोचता हूँ अब तक,
दिन जल्दी ढले
लौट आऊँ मैं,
और तुम वहीं
बाट जोहो मेरी,
मेरा घर बनकर.


-शिशिर सोमवंशी

अच्छा लगा

तुमने छुआ,
छूकर कहा,
कैसे हो तुम?
अच्छा लगा.

वो उंगलियों,
के पोर थे.
जो संग,
अपने ले गये.
टीस मधुरिम,
प्रेम की.
बरसों बरस,
जिसको सहा.
सहकर मगर,
अच्छा लगा.

आँखों मे मेरी,
प्रश्न हैं.
मैं ख़ुद पहेली,
ही सही.
उत्तर न दो,
बूझो नहीं.
बस मौन
इनमें देख लो.
देखा मुझे?
अच्छा लगा.


-शिशिर सोमवंशी

Sunday, December 21, 2014

यही प्रेम है

अपरिचित झलकियों में
स्वत: पनपते,
स्नेह के मौन संबंध.
प्राप्ति की संकल्पना,
व्यावहारिकता की
मटमैली धूल से
सर्वथा वंचित.
कहाँ चितवन बँधे,
कहाँ सांस थमे,
समझ की विस्तृत,
परिधि से बाहर.
ना ही विज्ञान,
ना ही कोई गणित.
मौका ही नही दिया
तुमने उस दिन,
जिस दिन धूप मे
अलग ही चमक थी
और नमी भी.
जिस दिन हवा
बहते बहते रुक
सी गयी थी,
हमारे आस पास.
मैं भी वही कहता
जो हवा ने कहा था-
समझती क्यूँ नहीं
यही प्रेम है,
तुम्हारा अपना.

मैं नहीं था
मेरा नाम ही था,
जो तुमसे पूरा
लिखा ना गया,
काग़ज़ पर.
काँपते हाथों से
शेष रहा जिसका
बस पहला अक्षर.
अधूरा रह के भी
संपूर्ण है-
सबसे ऊपर.
भूलने पर भी,
उकर आया है.
खूब तीखा और
बहुत गहरा.
हृदय के सबसे
निज़ी हिस्से पर.
जिसे अब तक
किसी और ने
देखा भी नहीं
तुमने ही देखा
स्मित भाव से.
अनुराग से,
अपनत्व से,
बड़े चाव से-
यही प्रेम है,
हमारा अपना.

शिशिर की बोझिल
एकाकी रातों मे
बिना निमंत्रण.
आ जाता है,
तुम्हारे तकिये
के नीचे छुप कर
पनाह लेता है,
गर्म गीली साँसों मे
तुम्हारे पास.
जिसे ढूँढते हैं
सुबह तुम्हारे
सबसे कोमल
सबसे सुंदर हाथ.
अपने केशों में
अपने माथे पर-
अलसाए अनायास.
वही प्रेम है,
तुम्हारा सपना.

-शिशिर सोमवंशी 

Saturday, December 13, 2014

क्यूँ तुम्हे याद नहीं?

हर पल दूर होते,
अतीत की
जिस सुनहरी
छाया को,
मैने समेटना चाहा,
तुम्ही थे;
और कोई नहीं.

और कोई होता,
भी कहाँ और कैसे?
किसी की जगह,
ही नही थी.
किसी ज़िंदगी की.
ना इंसान की,
ना ही ख़ुदा की.

मैने कुछ भी,
देखा  नही,
सुना नही.
ना ही धरती का
कोई वजूद था,
ना आसमान का ही,
ना किसी मौसम का.

खूबसूरती रही होगी.
नगर सुंदर था,
लोग कहते हैं,
मुझे नही पता.
ना किसी हवा मे,
इतनी ताक़त थी.
मुझे मोड़ ले,
अपनी तरफ.

हर ओर बस,
तुम ही रहे,
तुम्ही तुम.
तुममे क्या है?
पूछा मुझसे सबने-
दुनिया को जाने,
क्या फ़िक़र थी.
रूठ कर,
बिफर कर,
लताओं ने रार से,
लिपट कर मुझसे.

मुझे खुद होश नही,
तुममे क्या था.
जिसने मुझे,
बाँध लिया.
उन लताओं से,
ज़्यादा कसकर.
मौसमों, बादलों
और हवाओं से,
जो ना हो सका,
तुमसे हुआ.
तुम्हारे साथ
होने पर और,
कौन होता?
जब मैं-
ख़ुद मैं ही
खो गया.

उजाले के जैसे
मुझको सजाते हुए
उभर कर,
संवर कर,
निखर कर.
अपनी अनोखी,
आँखों की,
चमक के साथ.
पता ही नही चला.
कब मैं अतीत 
और तुम,
भविष्य हो गये.

ये भी पता
नही चला कि,
कब तुम्हारे लिए,
सर्वथा साधारण,
महत्वहीन,
घटनाविहीन,
तुम्हारा अतीत,
जो तुम्हे अब,
ज़रा सा भी,
याद नहीं,
मेरी पूँजी,
मेरी नियति,
मेरा वर्तमान,
हो गया.

और मैं-
उन बादलों से,
उन हवाओं से.
उन मौसमों,
और लताओं से.
जिन्हे मैने कभी,
देखा ही नहीं.
सुना नहीं,
समझा और,
महसूस ही,
किया नही.
पूछता हूँ पागल.
सुनो तुम्हे तो,
याद होगा?
उसे तो कुछ भी
याद नहीं.
- शिशिर सोमवंशी

Friday, December 5, 2014

तुम दोगे?

इस अंतहीन प्रतीक्षा,
मे कसमसाता,
मेरा आग्रह
उकता रहा है.
संभव है,  
कोई भूल
हो जाए मुझसे.

जितना रोको,
उद्दंड बच्चे सा,
कमर पर,
हाथ टिकाए.
मेरी आँखों में,
दृष्टि गड़ाए.
बोलता है-
अब मेरी बारी
आनी चाहिए.
अंबर पर विचरते
बादलों पे चलने की.
जब जी करे,
जहाँ मैं चाहूँ,
उनसा पिघल कर
अंतिम बूँद तक
बरस जाने की.

चुकने से पहले,
धारा बनके तुम्हारी
अप्रतिम काया पर
बह जाने की.
गुनगुनी धूप मे
नम वाष्प सा
सूख कर
तुम्हारी सुगंध
समेटे हवा मे
बिखर जाने की.

मुझे भी तो
मिलना चाहिए
मेरा हिस्सा-
धूप का
नमी का.
अपनत्व,
स्नेह और
सानिध्य का.
तुम दोगे?
उसको,
मुझको,
हम दोनों को.
            -शिशिर सोमवंशी