Wednesday, November 12, 2014

मेरा समर्पण

आसक्ति नहीं है
मुझे तुम पर
तुम्हारी प्रकृति पर
अटूट आस्था है.
मुझे यह प्रतीति
सर्वदा है-
मेरी मुक्ति का
मार्ग तुमसे है.
तुम्हारे अंदर ही
मेरा मोक्ष- मेरा निर्वाण.
मेरे अंतर्मन से
बार बार कोई कहता है.

मुझे भान है,
मैं एक ऐसा
युद्ध लड़ रहा हूँ,
जिसमें विजय
दुष्कर है.
मुझे इस से क्या?
इस से मेरे प्रयास
की सार्थकता
कम नहीं हो जाती.
इस से लघुता
तो नहीं पाता
मेरे समर्पण का मान.
बली होता जाता है
जितनी चोट सहता है.

चलो कस लो मुझे
नित नवीन
चिर कठिन
कसौटियों ओर
अपने उन्नत आदर्श
मानदंडों पर.
वर्षों हुए तुम
कुछ भी सीखे नहीं
समझे नहीं
परिहास मे,
उपहास मे और
बिछोह के संत्रास मे,
विपरीत परिस्थियों
के प्रभावों मे-
स्वीकृति और
स्वीकारोक्ति के
अभावों मे
मध्य की अनचाही
अपरिचित दूरियों
के दबावों में-
नही घुटते हैं प्रेम के प्राण.
बहुत जीवन है इसमे
जीवित रहता है.

-शिशिर सोमवंशी

Tuesday, November 4, 2014

पाप तुमने किया नहीं

उस रूप पर मेरी आसक्ति,
उन आँखों पर मेरी आस्था-
मेरे अनुरोध की प्रबलता
मेरे आग्रह की मुखरता
मेरे समर्पण की
यह छोटी सी विजय
बस एक बार हारा जिससे
तुम्हारे अंतर का भय
प्रेम पर तुम्हारा संशय.
पुण्य मुझसे विलग रहा नहीं,
पाप तुमने कोई किया नहीं.

अपने प्रारब्ध के अपराध का,
मेरे उलझे हुए संवाद का
तुम्हारी दुरूह मन:स्थिति
पनपते भ्रम की पीड़ा-
पास रहते हुए प्रतिवाद का
मैने पहले भी मान रखा था
तुमने अच्छे से ध्यान रखा था.
पुण्य हमसे विलग रहा नहीं,
पाप तुमने कोई किया नहीं.

शेष इतने पे भी बचा जो है
रंग गहरा सा ये रचा जो है
मैने ये स्वप्न सा बुना जो है
मध्य अपने ये हुआ जो है-
तुमने बरबस मुझे छुआ जो है
एक दिन मन को तो पिघलना था.
पुण्य हमसे विलग रहा नहीं,
पाप तुमने कोई किया नहीं.

और ज़्यादा अभी हुआ क्या है?
छीन के तुमसे लिया क्या है?
एक आधा सा स्नेह आलिंगन,
मेरे अधरों की सतत प्रत्याशा,
बीते सदियों से पल रही आशा
अब भी वैसी है वहीं पर ठहरी,
लोभ वैसा ही है वहीं प्यासा.
भाग्य मेरा अलग रहा नही
पाप तुमने कोई किया नहीं. 

       -शिशिर सोमवंशी

Friday, October 31, 2014

आसान तो कुछ भी नहीं

सच यही है कि
मैं बढ़ना चाहता हूँ
बढ़ूंगा नहीं........
उस स्पर्श से,
उसकी कोमलता से.
सीमित रहूँगा
तुम्हारे बालों की लट
की चंचलता और
सुगंध तक ही.

तुम कहोगी-
नही हो पाएगा,
ऐसा होता नही.
मुश्किल है
बहुत मुश्किल होगा.
मैं कहता हूँ-
आसान रहा क्या
मेरे लिए?
सब कुछ घटा
सब कुछ बीता
इतनी तेज़ी से
बिना कहे अकस्मात.

अधूरा अपरिचित मिलन
ओह...... वह
भरपूर बिछोह,
उस पर अब
मिलना इस तरह:
भागती उमर.....
डूबती शाम -घिरती रात
बिना कहे अकस्मात.

इन बेबस काँपते
हाथों मे रहा नही
ख़ुश होकर
कुछ भी-कोई भी
इस से पहले.
और आज  मिला -
ये अनछुआ स्पर्श.

तुम्हारे हाथ,
तुम्हारी उंगलियाँ,
सकुचाती सी
थमी हुई ठहरी
सुस्ताती हुई-
मेरे हाथों मे.
समय भी हारा
उसी एक पल
तुमसे..मुझसे.

सच है कि इस पल
मैं जो करना चाहता हूँ-
करूँगा नही...
इतना ही बस-
मिलने दूँगा अपने
प्रेम को
उन्ही हाथों मे.
उन्मुक्त बहने दूँगा
सोख लेने को
तुम्हारा हर कंपन
समा जाऊँगा वहीं
उस ठहरे हुए
अद्भुत पल मे.

ठीक उसी समय
तुम मुझे देखोगी
मेरी आखों मे-
उन्हे बंद पाओगी.
मैं वहाँ हूँगा कहाँ?

शायद तुम्हे भी
कहना है
ये जो हो रहा है
इसका होना-
मुश्किल था.

और मैं ..
मैं कहना चाहता हूँ
कहूँगा नहीं-
आसान तो कुछ भी
नहीं होता.
प्रेम तो कभी नही.


-शिशिर सोमवंशी

Tuesday, October 21, 2014

एक बार प्रेम को ........

तुमने  हर बार
दिया है-
रक्त के रंग को
वंश की परंपरा
और संबंधों के
स्वामित्व को.
एक बार प्रेम को
अवसर देकर देखो.
                          
अपने से बढ़कर
माना है-
स्थितियों की विषमता,
यथार्थ की अनिवार्यता
और निर्जीव किंतु प्रकट
स्थायित्व को
बस एक बार
प्रेम को सबसे उपर-
रख कर देखो.

एक बार
अपने हृदय की
कारा मे जन्मों से
बंदी मौन को भी
स्वर देकर देखो.
एक बार प्रेम को
अवसर देकर देखो.

प्रेम याचक नही
इस की अपेक्षा-
प्राप्ति, आलिंगन
और सानिध्य नही
प्रेम कहता है-
मुझे स्वीकृति दो
स्वयं मे
संपूर्ण हो जाओ.

इस काया, स्वरूप
और स्पर्श की
सीमाओं से
उबर कर देखो-
एक बार प्रेम को
अवसर देकर देखो.

ये नही कहता
कि  नामों के
आरंभ के अक्षर  के
युग्म बनो
और जताओ उसको-
इतना  कहता  है
जब  आँखों मे उमड़ूँ
उसे लिपिबद्ध करो
और फिर उसी पवित्र
प्रवाह निर्झर मे-
मुक्त निर्बाध
बह कर देखो.
एक बार प्रेम को
अवसर देकर देखो.


-शिशिर सोमवंशी

Monday, August 11, 2014

मौसमों की करवट

बिल्कुल वैसे ही जब
मौसमों की करवट पर
पेड़ों के पत्तों का रंग
बदलता है.
ठीक वैसे ही
हवा बहती है अपनापे से
मुझको छूकर-
याद आता है कुछ
तस्वीर सा आँखों में
उभर आता है.

काम मौसमों का
और क्या है?
कभी तपना
तरसना और बरसना
कभी बेबाकी से-
सारी साज़िश तो
यादों को बचाने की है.

हर याद का चेहरा हो
ज़रूरी तो नहीं
और यह भी नहीं
होठों से कोई नाम
पुकारा जाए.

कभी जब मौसमों की
आहट पर,
पेड़ के पत्तों पे जो
नज़र जाए-
कोई अपना सा-
हवा का झोंका
तुमको छूकर अगर
गुज़र जाए.
किसी बीते हुए मौसम
की याद कर लेना-

और ज़्यादा तो कुछ
नही होता-
दिल के भीतर का
बिखरा सा-
बेतरतीब सा घर
थोड़ा सजता है
संवर जाता है.


-शिशिर सोमवंशी

Sunday, August 10, 2014

तम कितना घना होगा?


तम कितना घना होगा?
ये तुमने सुना होगा.
तम कितना घना है-
ये मैने सहा है.

सब ने जिसे परखा,

और सब ने जिसे जाना.
परतों की परत करके,
अच्छे से जो पहचाना-
मुझ ही से ना मिल पाया,
जो मुझ मे रहा है.
छल कितना बड़ा होगा,
ये तुमने कहा है,
छल कितना बड़ा है,
जो मैने जिया है.

एक स्वर है कुछ दबा सा,
कोई नाम मेरे जैसा,
कहते हैं जिसे अपने,
सकुचा के डरते डरते.
मैं सुन के बुरा मानूं,
या उन पे बिफर जाऊं.
भय कितना पला होगा,
ये तुमने कभी सोचा
भय कितना पला है-
जो मैने किया है.


शिशिर सोमवंशी

मेरे मन मे आज

सौ रूप लेना चाहता हूँ,
सौ रंग भरना चाहता हूँ,
एक बार के इस आचमन से-
तृप्त मैं ना हो सकूँगा.
जीवन अमय की निधि अतुल को,
भर भर के पीना चाहता हूँ.

हर प्रश्न को कर के किनारे,
अपनी निराशा को विजित कर,
अपने ही हाथों के सहारे-
कुछ पाप धोना चाहता हूँ,
कुछ पाप ढोना चाहता हूँ.
इस पाप-पुण्य से परे-
मैं आज होना चाहता हूँ.

शत्रु सा चाहे छले, चाहे चुभे.
या मित्र बन उर से लगे-
हर सत्य जीना चाहता हूँ.
जीवन अमिय की निधि अतुल को,
भर भर के पीना चाहता हूँ.

-शिशिर सोमवंशी